ताजासमाचार

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने किए श्री ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन

डेस्क न्यूज़ 05 July, 2026 अन्य

ओंकारेश्वर। भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने मध्यप्रदेश के दो दिवसीय प्रवास के दौरान शनिवार को पवित्र तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर पहुंचकर भगवान श्री ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए। उन्होंने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया और देशवासियों को अध्यात्म एवं भारतीय संस्कृति से जुड़े रहने का संदेश दिया।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त अपने परिवार के साथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने श्री ओंकारेश्वर मंदिर में आयोजित श्रृंगार आरती एवं शयन श्रृंगार में भी सहभागिता की। दर्शन के बाद उन्होंने मीडिया से सौहार्दपूर्ण चर्चा करते हुए कहा कि यह दिन उनके जीवन का अत्यंत विशेष, भावनात्मक और अविस्मरणीय क्षण है। उन्होंने कहा कि अपनी धर्मपत्नी के साथ ओंकारेश्वर में दर्शन और पूजा का अवसर मिलना भगवान की विशेष कृपा है।

ज्ञानेश कुमार ने बताया कि वर्ष 2003 में उन्होंने देश के सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करने का संकल्प लिया था। लगभग 23 वर्षों की आध्यात्मिक यात्रा के दौरान भगवान महादेव की कृपा से यह संकल्प पूरा होने की दिशा में आगे बढ़ा है। उन्होंने इसे अपने जीवन का सौभाग्य बताया।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने देशवासियों से अपने जीवन में अध्यात्म को महत्व देने की अपील करते हुए कहा कि अध्यात्म आत्मिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और जीवन में संतुलन प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक विरासत हमारी सबसे बड़ी धरोहर है, जिससे जुड़े रहकर हम राष्ट्र के विकास और समृद्धि में सार्थक योगदान दे सकते हैं।

इस अवसर पर कलेक्टर ऋषभ गुप्ता, पुलिस अधीक्षक आगम जैन सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related Post