डेस्क न्यूज़
05 July, 2026
अन्य
नीमच। जिले में चलाए जा रहे "ऑपरेशन मुस्कान" के तहत मनासा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अपहृत नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया, जबकि मामले में आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को फरियादी ने मनासा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री सहेली के यहां पढ़ने जाने का कहकर घर से निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर थाना मनासा में अपराध क्रमांक 322/2026 धारा अपहरण के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक रजेश कुमार व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल तथा एसडीओपी मनासा शबेरा अंसारी के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और मुखबिर तंत्र की सहायता से अलग-अलग स्थानों पर तलाश की।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर लिया तथा अपहरण के आरोपी हरिश तंबोली पिता सोहनलाल तंबोली निवासी कुकडेश्वर को गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निलेश अवस्थी, उपनिरीक्षक सपना राठौर, सहायक उपनिरीक्षक दिलीप कुमार तथा प्रधान आरक्षक सपना शाक्यवत की सराहनीय भूमिका रही।