ताजासमाचार

ऑनलाइन फ्रॉड से बचाने सड़क पर उतरी मनासा पुलिस, नागरिकों को दिए साइबर सुरक्षा के टिप्स

डेस्क न्यूज़ 05 July, 2026 अन्य

नीमच/मनासा। बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन को डिजिटल ठगी से बचाने के उद्देश्य से मनासा पुलिस ने शनिवार को मंदसौर नाका क्षेत्र में विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों को एकत्रित कर उन्हें ऑनलाइन धोखाधड़ी के नए-नए तरीकों से सावधान रहने और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में करीब 60 से 70 नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी फर्जी कॉल, ओटीपी, केवाईसी अपडेट, बैंक अधिकारी बनकर कॉल, संदिग्ध लिंक और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम कार्ड नंबर, सीवीवी या पासवर्ड साझा न करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और सोशल मीडिया का उपयोग पूरी सतर्कता के साथ करें।

कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है, तो वह बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करे तथा राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराए, जिससे समय रहते कार्रवाई कर नुकसान को रोका जा सके।

इस अवसर पर एसडीओपी साबेरा अंसारी, थाना प्रभारी निलेश अवस्थी, उपनिरीक्षक सपना राठौर, प्रधान आरक्षक मनोहर बैरागी, आरक्षक कुशल पाल एवं आरक्षक सुनील माली उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों तक भी पहुंचाने की अपील की, ताकि अधिक से अधिक लोग ऑनलाइन ठगी से सुरक्षित रह सकें।

Related Post