डेस्क न्यूज़
04 July, 2026
अन्य
नीमच। शुभ प्रभात योग मित्र मंडल महिला प्रकोष्ठ द्वारा वार्षिक वन विहार कार्यक्रम का आयोजन नीमच तहसील के झांझरवाड़ा स्थित एक निजी रिजॉर्ट के समीप उद्यान में किया गया। दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक चले इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में समरसता, प्रेम, सद्भाव, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और सामूहिक सहभागिता की भावना को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक भजन-कीर्तन एवं प्रार्थना से हुई। महिलाओं ने मेवाड़-मालवांचल क्षेत्र में अच्छी वर्षा, किसानों की समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए रणथ भंवर गणेश से क्षेत्र में हरियाली, सुख-समृद्धि और आपसी भाईचारे का आशीर्वाद मांगा। भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण में सभी ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता निभाई।
वन विहार के दौरान महिलाओं के लिए वाटर पार्क में गुब्बारे और गेंद से जल क्रीड़ा प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके अलावा "कच्चा आम-पक्का आम" सहित कई मनोरंजक खेलों और योग आधारित गतिविधियों ने प्रतिभागियों का भरपूर मनोरंजन किया। सभी महिलाओं ने उत्साह और ऊर्जा के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी प्रमुखता से दिया गया। उपस्थित महिलाओं ने "एक पेड़ मां के नाम" अभियान को अपने जीवन का हिस्सा बनाने तथा अधिक से अधिक पौधारोपण करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए योग, खेल और प्रकृति से जुड़ाव आवश्यक है तथा पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
कार्यक्रम के समापन पर आरती के पश्चात प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम का संचालन रानु जैन, अनीता सिंहल एवं अनीता लसोड़ ने संयुक्त रूप से किया, जबकि आभार वर्षा बाहेती ने व्यक्त किया।