डेस्क न्यूज़
04 July, 2026
अन्य
नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां शासकीय प्राथमिक शाला रतिबंदर में पदस्थ एक शिक्षक कथित रूप से शराब के नशे में स्कूल पहुंच गया। आरोप है कि शिक्षक ने न केवल छात्रों से अभद्र व्यवहार किया, बल्कि उनसे बीड़ी भी मंगवाई। नशे की हालत में वह कक्षा के भीतर ही जमीन पर गिर पड़ा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शिक्षक को निलंबित कर दिया।
जानकारी के अनुसार शासकीय प्राथमिक शाला रतिबंदर में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक गोपाल गिरी गोस्वामी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें वह कथित रूप से शराब के नशे में कक्षा के भीतर बेसुध अवस्था में दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी नाराजगी फैल गई।
शिक्षक पर आरोप है कि वह नशे की हालत में विद्यालय पहुंचा, विद्यार्थियों के साथ मारपीट की, बच्चों से बीड़ी मंगवाई, अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और एक छात्रा के साथ भी अशोभनीय हरकत की। इन आरोपों ने मामले को और गंभीर बना दिया है।
मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने के बाद शिक्षा विभाग ने प्रारंभिक जांच कराई। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर शिक्षक गोपाल गिरी गोस्वामी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों और अभिभावकों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और विद्यालय का वातावरण सुरक्षित एवं अनुशासित बना रहे।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोगों ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। कई लोगों ने इसे शिक्षा व्यवस्था के लिए शर्मनाक बताते हुए कहा कि जिन शिक्षकों पर बच्चों का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी होती है, उनसे इस तरह के गैरजिम्मेदाराना व्यवहार की बिल्कुल उम्मीद नहीं की जा सकती।