ताजासमाचार

नीमच पुलिस का मेगा कॉम्बिंग ऑपरेशन, 121 वारंट तामील, 60 किलो डोडाचूरा जब्त, 2 तस्कर गिरफ्तार

डेस्क न्यूज़ 05 July, 2026 अन्य

नीमच। जिले में अपराधियों, मादक पदार्थ तस्करों और समाज विरोधी तत्वों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से नीमच पुलिस ने 4-5 जुलाई की दरमियानी रात जिलेभर में विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल के मार्गदर्शन में सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए फरार आरोपियों की धरपकड़, होटल-लॉज और ढाबों की जांच, वाहन चेकिंग तथा निगरानी बदमाशों की सघन पड़ताल की गई।

अभियान के दौरान पुलिस ने 40 स्थायी वारंट और 81 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 121 वारंट तामील किए। इनमें एनडीपीएस एक्ट, चोरी, मारपीट और अन्य गंभीर मामलों के लंबे समय से फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसे जिले की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

पुलिस ने जिले में 12 स्थानों पर संयुक्त वाहन चेकिंग अभियान चलाकर 180 से अधिक वाहनों की जांच की। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 52 वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए 23 हजार 600 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

कॉम्बिंग गश्त के दौरान 112 निगरानी बदमाशों और 4 जिला बदर अपराधियों की गतिविधियों की जांच की गई। महिला संबंधी अपराधों में संलिप्त चार आदतन अपराधियों पर भी विशेष नजर रखी गई। इसके अलावा 53 होटल, लॉज और ढाबों की सघन जांच कर संचालकों को संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए।

अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 13 आबकारी प्रकरण दर्ज कर 68 लीटर अवैध शराब जब्त की। वहीं सट्टा एक्ट के तहत दो मामलों में 730 रुपये नकद बरामद किए गए।

नशामुक्त भारत अभियान के तहत थाना जावद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक मारुति अर्टिगा कार से 60 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया तथा दो तस्करों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 56 लोगों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। साथ ही धार्मिक स्थलों, बैंक, एटीएम और अन्य संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का भी देर रात निरीक्षण किया गया।

पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कहा कि जिले में अपराध, मादक पदार्थ तस्करी और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ इस तरह के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Related Post