डेस्क न्यूज़
04 July, 2026
अन्य
नीमच। अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक मुक्त दिवस के अवसर पर भारत विकास परिषद, सुभाष शाखा, नीमच द्वारा शहर की सब्जी मंडी में जनजागरूकता अभियान चलाया गया। पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक प्रदूषण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान के तहत आम नागरिकों को 400 कपड़े की थैलियां निःशुल्क वितरित की गईं। साथ ही नागरिकों से सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद कर पर्यावरण हितैषी विकल्प अपनाने की अपील की गई।
अभियान के दौरान परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सब्जी मंडी में खरीदारी करने पहुंचे लोगों से संवाद करते हुए प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग पर्यावरण, जल स्रोतों, पशु-पक्षियों और मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने दैनिक जीवन में कपड़े या अन्य पुनः उपयोग योग्य थैलियों का इस्तेमाल शुरू कर दे, तो प्लास्टिक प्रदूषण को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
परिषद के पदाधिकारियों ने नागरिकों से बाजार जाते समय कपड़े की थैली साथ रखने की आदत विकसित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास ही बड़े बदलाव की नींव रखते हैं और जनसहभागिता के बिना प्लास्टिक मुक्त समाज का लक्ष्य हासिल करना संभव नहीं है। अभियान के दौरान लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े की थैलियों का उपयोग करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर परिषद के अध्यक्ष मनीष गर्ग, सचिव प्रमोद मालू, पूर्व अध्यक्ष ललित राठी, दीपक ऐरन, सुनील खंडेलवाल, सुरेशचंद शर्मा, नितेश गर्ग सहित बड़ी संख्या में परिषद के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने नागरिकों से स्वच्छ, सुंदर और हरित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर भारत विकास परिषद, सुभाष शाखा ने अभियान में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए "प्लास्टिक मुक्त भारत, स्वच्छ भारत और हरित भारत" के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।