डेस्क न्यूज़
05 July, 2026
अन्य
इंदौर/नीमच। नीमच जिले की सिंगोली तहसील के छोटे से ग्राम तुरकिया के होनहार छात्र अंकित गुर्जर (पिता सौदान जी गुर्जर) ने कक्षा 12वीं की परीक्षा में 83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे गुर्जर समाज और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उल्लेखनीय शैक्षणिक उपलब्धि पर इंदौर की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था गुर्जर गौरव कल्याण परिषद, इंदौर द्वारा आयोजित 'नवम गुर्जर समाज प्रतिभा सम्मान समारोह' में विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान अंकित गुर्जर को मंच पर प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कई विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सम्मान प्रदान करने वालों में सुनीता बेसला (भारत सरकार के आयकर विभाग की सेवानिवृत्त अधिकारी), विनर्स इंस्टिट्यूट, इंदौर के सुदर्शन एवं आदित्य, तथा रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रदेश सचिव प्रमुख रूप से शामिल रहे।
संस्था के पदाधिकारियों ने अंकित की मेहनत, लगन और शैक्षणिक उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में और अधिक ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।
ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले अंकित गुर्जर की यह सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक मानी जा रही है। परिवार और गांव के लोगों ने उनकी उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण से हर विद्यार्थी सफलता हासिल कर सकता है।