ताजासमाचार

लेवड़ा तालाब में नहाने गए 14 वर्षीय किशोर की पानी में डूबने से मौत, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

डेस्क न्यूज़ 04 July, 2026 अन्य

नीमच। शहर के बघाना थाना क्षेत्र स्थित लेवड़ा तालाब में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय किशोर की पानी में डूबने से मौत हो गई। किशोर अपने एक साथी के साथ तालाब में नहाने गया था, लेकिन नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। साथी के शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद किशोर को तालाब से बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

जिला चिकित्सालय में परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अरशद खान (14 वर्ष), पिता उमर फारूक, निवासी स्कीम नंबर-8, कब्रिस्तान कॉलोनी, बघाना के रूप में हुई है। बताया गया कि शुक्रवार दोपहर अरशद अपने एक मित्र के साथ लेवड़ा तालाब में नहाने गया था। इसी दौरान वह अधिक गहराई वाले हिस्से में पहुंच गया और पानी में डूब गया।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद अरशद को पानी से बाहर निकाला। करीब शाम 4:15 बजे उसे जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और समाजजन बड़ी संख्या में जिला अस्पताल पहुंच गए। हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

बघाना थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Post