ताजासमाचार

जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, ट्रैक्टर से कुचलने का आरोप; दो घायल जिला अस्पताल पहुंचे

डेस्क न्यूज़ 04 July, 2026 अन्य

नीमच। सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम जावी में पांच आरी जमीन के विवाद ने शुक्रवार को हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुए विवाद में एक पक्ष के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित पक्ष ने विरोधी पक्ष पर मारपीट, गला दबाने, ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है।

घायल महेश नायक ने बताया कि उनकी पांच आरी जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। आरोप है कि पहले उनकी जमीन पर जेसीबी से खाई खोद दी गई थी, जिसे पुलिस की मौजूदगी में भरवाया गया। इसके बाद जमीन की निशानदेही के दौरान लगाए गए सीमांकन के पत्थरों को भी विरोधी पक्ष ने हटा दिया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो गोविंद बावरी ने उनका गला दबाया और जान से मारने की धमकी दी।

महेश की बहन अवंतिका नायक ने आरोप लगाया कि विवादित जमीन पर ट्रैक्टर चलाकर जबरन बोवनी की जा रही थी। विरोध करने पर ट्रैक्टर चालक ने पहले उन्हें कुचलने का प्रयास किया। इसी दौरान उनके पिता गोपाल नायक बीच-बचाव करने पहुंचे तो ट्रैक्टर उनके पैर पर चढ़ा दिया गया, जिससे उनके पैर में गंभीर चोट आई और फ्रैक्चर हो गया। परिजनों का आरोप है कि ट्रैक्टर चालक शराब के नशे में था तथा मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने भी अभद्रता करते हुए धमकियां दीं।

घायल गोपाल नायक ने बताया कि उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की जा रही थी। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और ट्रैक्टर चढ़ा दिया गया। घटना के बाद परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है।

पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, ट्रैक्टर जब्त करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Post