डेस्क न्यूज
08 June, 2025
राजनीति
नीमच। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी व मध्यप्रदेश कांग्रेस के आव्हान पर पूरे प्रदेश में चल रहे संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत 8 जून को नीमच जिला मुख्यालय स्थित गांधीभवन कांग्रेस कार्यालय में नीमच विधानसभा क्षेत्र का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया।
सांसद भजनलाल जाटव ने किया संबोधित
इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नीमच जिले के लिए नियुक्त केन्द्रीय पर्यवेक्षक व धौलपुर से सांसद भजनलाल जाटव विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन सृजन अभियान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी का विशेष मिशन है, जिसकी शुरुआत गुजरात से की गई है। अभियान का उद्देश्य पार्टी संगठन को हर स्तर पर सुदृढ़ करना है। भजनलाल जाटव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा चुनाव लड़ती रही है, लेकिन संगठनात्मक कमजोरियों के कारण कई बार अपेक्षित सफलता नहीं मिल पाई। इस अभियान के तहत संगठन की खामियों को पहचान कर उन्हें दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चलाया जा रहा है, और इसके सफल परिणामों के आधार पर इसे पूरे देश में विस्तारित किया जाएगा।
टिकट वितरण में पारदर्शिता लाने का दावा
भजनलाल जाटव ने यह भी स्पष्ट किया कि अब टिकट वितरण में पारदर्शिता लाई जाएगी। कार्यकर्ता या नेता जो जिला अध्यक्ष बनना चाहते हैं, वे बंद लिफाफे में अपना नाम वरिष्ठ नेताओं को दे सकते हैं। इसी प्रकार कोई भी कार्यकर्ता बड़े नेताओं के खिलाफ शिकायत भी बंद लिफाफे में दे सकता है, जो सीधे राहुल गांधी तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जो ब्लॉक अध्यक्ष तीन बैठकों में गैरहाजिर रहते हैं, उन्हें पद से हटाया जाएगा।
ये रहे उपस्थित
सम्मेलन में पूर्व विधायक व जिला प्रभारी विजय गहलोत, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौरसिया, लोकसभा प्रत्याशी दिलीप गुर्जर, जिला पंचायत अध्यक्ष तरुण बाहेती, पूर्व मंत्री नरेंद्र नाहता, पूर्व विधायक नंदकिशोर पटेल, संपत स्वरूप जाजू, सत्यनारायण पाटीदार, समंदर पटेल, आशा सांभर, मधु बंसल, बृजेश मित्तल, कमल मित्तल, बृजेश सक्सेना व गजेंद्र यादव सहित अनेक वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाएं तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें। सम्मेलन का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा देना और संगठन को मजबूत बनाना रहा।