डेस्क न्यूज़
23 June, 2026
अन्य
नीमच। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन के निर्देशानुसार मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच में जिला स्तरीय जनसुनवाई, शिकायत निवारण एवं सीएम हेल्पलाइन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने की। इस दौरान आमजन की शिकायतें सुनने के साथ-साथ लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण पर भी विशेष जोर दिया गया।
शिविर में जिलेभर से पहुंचे फरियादियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और शिकायतें पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के समक्ष रखीं। एसपी ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों को त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान सीएम हेल्पलाइन की लेवल-1, लेवल-2 और लेवल-3 की कुल 15 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कर उन्हें बंद कराया गया। वहीं जिला स्तरीय जनसुनवाई में लगभग 64 फरियादियों ने उपस्थित होकर अपनी समस्याएं रखीं, जिनके शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि जन शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से संबंधित शिकायतें, सामाजिक सुरक्षा और अन्य संवेदनशील मामलों में विशेष गंभीरता बरती जाए तथा आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
एसपी व्यास ने यह भी निर्देश दिए कि थाना स्तर पर समय-समय पर जन शिकायत निवारण शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही समाधान हो सके और पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाया जा सके।
जिला स्तरीय सीएम हेल्पलाइन एवं शिकायत निवारण शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, एसडीओपी जावद रोहित राठौर, एसडीओपी मनासा शाबेरा मंसूरी, महिला थाना प्रभारी निरीक्षक कारूलाल जाट, अजाक थाना प्रभारी निरीक्षक शब्बी मेव सहित विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।
शिविर के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने आमजन की शिकायतों के त्वरित निराकरण और बेहतर पुलिस व्यवस्था के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।