डेस्क न्यूज़
23 June, 2026
अन्य
नीमच। शहर के वार्ड क्रमांक 13 स्थित बगीचा नंबर-4 के रहवासियों ने लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या को लेकर मंगलवार को जिला कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से नियमित, स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने की मांग करते हुए जल्द समाधान की अपेक्षा जताई।
समाजसेविका शाहमिदा मिर्जा के नेतृत्व में प्रस्तुत ज्ञापन में बताया गया कि वार्ड क्रमांक 13 के बगीचा नंबर-4 क्षेत्र में कई वर्षों से पेयजल संकट बना हुआ है। क्षेत्र में पानी की आपूर्ति अनियमित है और कई बार नलों से गंदा एवं दूषित पानी आ रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
रहवासियों का कहना है कि पानी की अनियमित आपूर्ति के कारण दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। वहीं दूषित पानी के कारण बीमारियों का खतरा भी लगातार बना हुआ है। क्षेत्र के लोगों को पेयजल के साथ-साथ घरेलू उपयोग के लिए भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष रूप से परेशान होना पड़ रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि प्रतिदिन सुबह निर्धारित समय पर स्वच्छ और पर्याप्त मात्रा में पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही जलापूर्ति व्यवस्था और पाइपलाइन नेटवर्क की तकनीकी जांच कर आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र कराए जाएं, ताकि क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
रहवासियों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो क्षेत्रवासियों को और अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।