ताजासमाचार

अस्थायी सफाई कर्मचारियों ने जनसुनवाई में उठाई आवाज, अवकाश सुविधा, वेतन वृद्धि और ई-अटेंडेंस बंद करने की मांग

डेस्क न्यूज़ 23 June, 2026 अन्य

नीमच। नगर पालिका नीमच में कार्यरत अस्थायी सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार को जिला कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचकर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने शासन के नियमानुसार अवकाश सुविधा देने, ई-अटेंडेंस व्यवस्था समाप्त करने तथा वेतन वृद्धि किए जाने की मांग उठाई।

ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि वे वर्षों से नगर पालिका में अस्थायी सफाई कर्मी के रूप में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन आज भी उन्हें शासन के नियमों के अनुरूप अवकाश का लाभ नहीं मिल रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि पारिवारिक, सामाजिक कार्यक्रमों अथवा किसी सुख-दुख के अवसर पर अवकाश लेने पर उनके वेतन से राशि काट ली जाती है, जिससे आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।

सफाई कर्मचारियों ने बताया कि वर्तमान में मिलने वाला वेतन बेहद कम है और बढ़ती महंगाई के दौर में परिवार का भरण-पोषण करना कठिन होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीमित आय के कारण बच्चों की शिक्षा और परिवार की अन्य आवश्यक जरूरतों को पूरा करना भी मुश्किल हो रहा है। ऐसे में वेतन वृद्धि समय की मांग बन गई है।

कर्मचारियों ने ई-अटेंडेंस व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि तकनीकी खामियों और नेटवर्क संबंधी समस्याओं के कारण कई बार लोकेशन टैग नहीं हो पाती, जिससे उपस्थिति दर्ज नहीं हो पाती और इसका सीधा असर उनके वेतन पर पड़ता है। कर्मचारियों ने मांग की कि ई-अटेंडेंस प्रणाली को बंद कर पूर्व की व्यवस्था लागू की जाए।

जनसुनवाई में ज्ञापन सौंपने के बाद सफाई कर्मचारी नगर पालिका कार्यालय भी पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) से मुलाकात कर अपनी समस्याओं और मांगों से अवगत कराया।

कर्मचारियों ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके और वे बेहतर तरीके से अपनी सेवाएं दे सकें।

Related Post