ताजासमाचार

सड़क और पेयजल सुविधा से वंचित ग्रामीण पहुंचे जनसुनवाई, कलेक्टर से लगाई गुहार

डेस्क न्यूज़ 23 June, 2026 अन्य

नीमच। जिले की जनसुनवाई में मंगलवार को रामपुरा तहसील क्षेत्र के ग्राम जुना पानी बस्ती ब्लॉक, पोस्ट बुज के ग्रामीणों ने सड़क और पेयजल समस्या को लेकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

ग्रामीणों की ओर से शंकरलाल चारण ने बताया कि गांव आज भी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और हर घर जल नल योजना के लाभ से वंचित है। विकास योजनाओं के बावजूद गांव में सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है, जिससे ग्रामीणों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पक्की सड़क नहीं होने के कारण बरसात के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। कीचड़ और खराब रास्तों के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित होता है। बच्चों को स्कूल जाने, किसानों को कृषि कार्य करने और मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

पेयजल समस्या को लेकर भी ग्रामीणों ने चिंता जताई। उनका कहना है कि गांव में पानी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों को दूर-दराज क्षेत्रों से पानी लाना पड़ता है। गर्मी के दिनों में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित होता है।

ग्रामीणों ने जनसुनवाई में प्रशासन से मांग की कि गांव को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से जोड़ते हुए शीघ्र सड़क निर्माण कराया जाए तथा हर घर जल नल योजना के तहत प्रत्येक घर तक पेयजल सुविधा पहुंचाई जाए। ग्रामीणों का कहना है कि मूलभूत सुविधाओं के अभाव में विकास की योजनाएं उनके गांव तक नहीं पहुंच पा रही हैं।

ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान करने की मांग की है।

Related Post