ताजासमाचार

जनसुनवाई में 145 फरियादियों की गुहार, कलेक्टर ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

डेस्क न्यूज़ 23 June, 2026 अन्य

नीमच। जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 145 आवेदकों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में उनका निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में जिलेभर से पहुंचे नागरिकों ने भूमि विवाद, रास्ता, पेयजल, बिजली, अतिक्रमण, फसल नुकसान और अन्य जनसमस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए।

जनसुनवाई के दौरान सिंगोली निवासी गोपाल गाड़ी लौहार ने एक बत्ती बिजली कनेक्शन प्राप्त करने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने नगर परिषद सिंगोली से तत्काल अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) जारी करने के निर्देश मुख्य नगर पालिका अधिकारी को दिए, ताकि आवेदक को शीघ्र बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया जा सके।

मनासा तहसील के ग्राम लसूडिया निवासी बब्बूबाई पति मुकेश ने आवेदन देकर शिकायत की कि कुछ लोग लगातार उन्हें परेशान कर रहे हैं तथा उनकी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम मनासा को मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

रतनगढ़ क्षेत्र के ग्राम गुड़ीखेड़ा निवासी देवराज राठौर ने अपने कुएं तक जाने वाले रास्ते को बंद किए जाने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि रास्ता बंद होने से खेती-किसानी के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कलेक्टर ने इस मामले में एसडीएम जावद को आवश्यक कार्रवाई कर निर्धारित समय सीमा में रास्ता खुलवाने के निर्देश दिए।

इसी प्रकार सेमली इस्तमुरार निवासी मायाबाई ने आवेदन देकर बताया कि पिछले एक वर्ष से खेत तक पहुंचने के लिए रास्ता नहीं होने के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने नायब तहसीलदार कुकड़ेश्वर को तत्काल राजस्व टीम भेजकर मौके का निरीक्षण करने तथा मायाबाई को खेत तक पहुंचने का रास्ता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में घसुण्डी बामनी की कांताबाई, डिकेन के सुरेश कुमार, केनपुरिया के अनिल कछावा, बांगरेड़ का खेड़ा के ग्रामीण, भरभड़िया के उदयराम, हिंगोरिया की सुनीताबाई, नाथूलाल बंजारा, जोड़मी के पूरनमल बंजारा, सुवाखेड़ा के राजेश, भवरासा की राजीबाई, चम्पी के भागीरथ, खजुरिया के मोतीलाल, जावद के गोविंद धाकड़, फोफलिया के गुलाबचंद, आंबा की मानाबाई, बड़ी की राजुलीबाई, रतनपुरा के नानालाल, जेसीपुरा के सुभाष, डसानी के नारायणसिंह, मेंढकी के मुकेश तथा नयागांव के सत्तू धाकड़ सहित कई आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

इसके अलावा रामपुरा के मोहनलाल, कोठड़ी इस्तमुरार के बाबूलाल, इंदिरा नगर विस्तार नीमच की मुस्कान, ग्वालटोली की पूनम, धामनिया की रीना बारेट, चीताखेड़ा के सिराह, दुदरसी के फुलचंद, अठाना के भंवरलाल, चचोर के मुबारिक खां, इंदिरा नगर नीमच की मनीषा गोयल, पिपल्याहाड़ी के मोहन, बनी के कचरूलाल, मोती नगर नीमच की वीरवती कुशवाह, गिरदौड़ा के किशनसिंह, नानपुरिया के पुष्कर तथा नयागांव के राजू धाकड़ ने भी अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन जनसुनवाई में प्रस्तुत किए।

कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने सभी आवेदनों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को गंभीरता से कार्रवाई करने तथा निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए और जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।

जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, एसडीएम पराग जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे।

Related Post