डेस्क न्यूज़
23 June, 2026
अन्य
नीमच। जिले के रामपुरा नगर में दरगाह रोड स्थित पुराने बस स्टैंड के समीप सर्वे क्रमांक 422 में स्थित सामलती कुएं की भूमि पर कथित अवैध कब्जे और निर्माण कार्य के विरोध में स्थानीय परिवारजनों ने मंगलवार को कलेक्टर जनसुनवाई में पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि सामलती कुएं की भूमि पर कुछ लोगों द्वारा बिना वैधानिक अनुमति के कब्जा कर चद्दर शेड लगाकर निर्माण कार्य किया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि उक्त भूमि को लेकर पूर्व में दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता हुआ था, लेकिन समझौते की शर्तों की अनदेखी करते हुए निर्माण कार्य जारी रखा गया।
परिवारजनों का कहना है कि जब उन्होंने निर्माण कार्य का विरोध किया और समझौते का हवाला देकर काम रोकने की बात कही, तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। ज्ञापन में गाली-गलौज, धमकी देने और विवाद उत्पन्न करने के आरोप भी लगाए गए हैं।
शिकायतकर्ताओं ने कलेक्टर से मांग की है कि भूमि की वास्तविक स्थिति, स्वामित्व संबंधी दस्तावेजों तथा पूर्व में हुए समझौते की जांच कराई जाए। यदि अवैध कब्जा और निर्माण की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाया जाए।
कलेक्टर जनसुनवाई में प्रस्तुत ज्ञापन पर संबंधित विभागों को आवश्यक जांच एवं कार्रवाई के निर्देश दिए जाने की मांग भी की गई है।