डेस्क न्यूज़
23 June, 2026
अन्य
नीमच। जिला मुख्यालय पर मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में ग्राम चल्दू, तहसील जीरन निवासी किसान प्रहलाद सिंह चौहान ने कृपा बॉयो स्टील फैक्ट्री के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए प्रदूषण फैलाने के गंभीर आरोप लगाए। किसान ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
आवेदन में किसान ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री से निकलने वाला अपशिष्ट जल और रासायनिक पदार्थ खुले मार्ग से बहकर सार्वजनिक नदी में पहुंच रहे हैं, जिससे नदी का पानी प्रदूषित हो रहा है। उनका कहना है कि यही दूषित पानी उनकी कृषि भूमि तक भी पहुंच रहा है, जिसके कारण फसलें प्रभावित हो रही हैं और उन्हें लगातार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
किसान प्रहलाद सिंह चौहान ने बताया कि प्रदूषण का असर केवल खेती तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे पर्यावरण और जीव-जंतुओं को भी नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने दावा किया कि नदी का दूषित पानी पीने से कई पालतू एवं जंगली पशुओं की मौत होने की घटनाएं भी सामने आई हैं। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस संबंध में पूर्व में कई बार प्रशासनिक अधिकारियों और फैक्ट्री प्रबंधन को शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते प्रदूषण पर नियंत्रण नहीं किया गया तो यह समस्या क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।
किसान ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, प्रदूषण की वास्तविक स्थिति का वैज्ञानिक परीक्षण कराया जाए तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
फिलहाल किसान द्वारा लगाए गए आरोपों की प्रशासनिक पुष्टि होना शेष है और मामले की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।