डेस्क न्यूज़
23 June, 2026
अन्य
नीमच | नीमच के कैंट थाना क्षेत्र में सोमवार रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। एलआईसी रोड स्थित सेन सर्कल पर रहने वाले याकूब बोहरा अपने परिवार के साथ मोहर्रम के धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने मस्जिद गए हुए थे। घर पर ताला लगा था और कोई मौजूद नहीं था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मकान को निशाना बनाया।
बताया जा रहा है कि चोरों ने सबसे पहले मुख्य गेट का ताला तोड़ा और फिर घर के अंदर घुस गए। इसके बाद बदमाशों ने अलमारी के ताले भी तोड़ दिए और उसमें रखी करीब 2 लाख रुपए की नकदी, सोने की 4 अंगूठियां और 4 सोने की चूड़ियां चोरी कर लीं। चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है।
रात करीब 10 बजे जब परिवार वापस घर लौटा तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो पूरा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली हुई थी। घर का यह हाल देखकर परिवार के होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग और बोहरा समाज के सदस्य बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर कैंट थाना पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। सीएसपी किरण चौहान और थाना प्रभारी सौरभ शर्मा ने मौके का निरीक्षण किया और आवश्यक जानकारी जुटाई।
कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। फिलहाल चोरी हुए सामान की विस्तृत सूची फरियादी द्वारा पुलिस को उपलब्ध करवाई जा रही है। सूची मिलने के बाद चोरी गए माल का सटीक आकलन किया जाएगा। वहीं पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।
हालांकि इस घटना ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था और रात्रिकालीन गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं।