ताजासमाचार

क्षत्रिय नायक समाज का भव्य सम्मान समारोह, मेधावी छात्र-छात्राओं और कर्मवीरों का हुआ सम्मान

डेस्क न्यूज़ 15 June, 2026 अन्य

नीमच। क्षत्रिय नायक समाज युवा संगठन, मध्यप्रदेश द्वारा रविवार को भावदमाता धर्मशाला में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज की प्रतिभाओं, वीर जवानों, कर्मचारियों एवं महिला शक्ति का सम्मान कर उन्हें प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 45 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इनमें कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाओं में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मंच पर सम्मान देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। वक्ताओं ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान समाज की नई पीढ़ी को आगे बढ़ने और सफलता प्राप्त करने की प्रेरणा देता है।

समारोह में देश और समाज की सेवा में योगदान देने वाले 100 से अधिक सैनिकों, शासकीय एवं अर्धशासकीय कर्मचारियों का भी सम्मान किया गया। उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति योगदान की सराहना करते हुए सम्मान चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम की विशेष आकर्षण महिला शक्ति सम्मान रहा, जिसके अंतर्गत समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही संगठन के पदाधिकारियों एवं समाज हित में सक्रिय भूमिका निभाने वाले कार्यकर्ताओं का भी सम्मान किया गया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष पप्पूलाल पंवार (उचेड़), पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्रवण देवड़ा (नीमच), जिला अध्यक्ष राजकुमार चौहान (जवासा), मंदसौर जिला अध्यक्ष मोहनलाल चौहान सहित समाज के वरिष्ठ एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने शिक्षा, सेवा, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकता को मजबूत बनाने का संदेश देते हुए सम्मानित प्रतिभाओं को शुभकामनाएं दीं।

जानकारी पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्रवण देवड़ा द्वारा प्रदान की गई।

Related Post