ताजासमाचार

दक्षिणा में केवल तुलसी पत्र और पुष्प स्वीकार करेंगे पं. नरेंद्र देव नागदा, कथा की संपूर्ण राशि धर्मशाला निर्माण को करेंगे समर्पित

डेस्क न्यूज़ 15 June, 2026 अन्य

नीमच। ग्राम कानाखेड़ा में आयोजित श्रीमद्भागवत ज्ञान गंगा साप्ताहिक कथा महोत्सव में कथा वाचक पंडित नरेंद्र देव नागदा महाराज ने समाजसेवा और त्याग का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने घोषणा की कि कथा से प्राप्त होने वाली संपूर्ण दक्षिणा राशि नागदा ब्राह्मण समाज की धर्मशाला निर्माण के लिए समर्पित की जाएगी। साथ ही श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे उन्हें दक्षिणा के रूप में केवल तुलसी पत्र और पुष्प ही अर्पित करें।

राम्होला मंदिर समिति एवं नागदा ब्राह्मण समाज के तत्वावधान में आयोजित कथा के छठे दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कथा के दौरान पं. नागदा महाराज ने कहा कि संत-महात्मा मानव जीवन को धर्म, भक्ति और सत्संग के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि प्रभु का स्मरण और सत्संग का श्रवण जीवन को पवित्र बनाता है तथा मनुष्य को सद्कर्मों की ओर अग्रसर करता है।

कथा में उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं, गोपी संवाद, अक्रूर प्रसंग, कुब्जा उद्धार, कंस वध, उद्धव ज्ञान, जरासंध और शिशुपाल जैसे प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि जहां प्रेम होता है, वहीं भगवान श्रीकृष्ण का वास होता है और जीवों के प्रति दया एवं करुणा का भाव ही आत्मकल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है।

धर्मशाला निर्माण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने समाजजनों से इस पुण्य कार्य में सहयोग का आह्वान किया। उनकी इस घोषणा का उपस्थित श्रद्धालुओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया और इसे समाजहित में प्रेरणादायी पहल बताया।

इस अवसर पर श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह प्रसंग की मनमोहक झांकी भी प्रस्तुत की गई। सुश्री माही नागदा ने भगवान श्रीकृष्ण और सुश्री हर्षिता नागदा ने रुक्मिणी की भूमिका निभाई। व्यासपीठ पर वरमाला कार्यक्रम के साथ विवाह प्रसंग का मंचन हुआ, जिससे पूरा कथा पंडाल भक्तिरस में डूब गया।

कथा के पश्चात आरती, पोथी पूजन और प्रसाद वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कथा महोत्सव का समापन मंगलवार को सुदामा चरित्र, उद्धव ज्ञान एवं राजा परीक्षित मोक्ष प्रसंग के साथ हवन, पूजन और महाआरती के आयोजन के साथ होगा।

Related Post