ताजासमाचार

डॉक्टर्स डे सेलिब्रेशन की शुरुआत रक्तदान से, IMA के शिविर में 54 यूनिट रक्त संग्रहित

डेस्क न्यूज़ 15 June, 2026 अन्य

नीमच। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) नीमच द्वारा आयोजित 15 दिवसीय डॉक्टर्स डे सेलिब्रेशन सीरीज का शुभारंभ रविवार को रक्तदान शिविर के साथ किया गया। चोरड़िया हॉस्पिटल स्थित डी-लाइफ ब्लड बैंक में आयोजित इस शिविर में चिकित्सकों, मेडिकल छात्रों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 54 यूनिट रक्तदान किया।

IMA नीमच शाखा के अध्यक्ष डॉ. मनीष चमड़िया के नेतृत्व में आयोजित इस रक्तदान अभियान का उद्देश्य समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना था। विशेष बात यह रही कि चिकित्सकों ने स्वयं रक्तदान कर समाज के सामने प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।

रक्तदान करने वाले चिकित्सकों में डॉ. मनीष चमड़िया, डॉ. योगेन्द्र धाकड़, डॉ. नितेश शर्मा, डॉ. नितिन जैन, डॉ. अर्नव चंदेल, डॉ. अंकित माहेश्वरी एवं डॉ. आशीष देवधर सहित कई चिकित्सक शामिल रहे। वहीं मेडिकल कॉलेज नीमच के विद्यार्थियों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। सम्राट गोयल, मलय काले, मेहुल कोड़िया और संस्कार सिंह राजपूत सहित अनेक विद्यार्थियों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।

इसके अलावा शहर के कई नागरिकों ने भी शिविर में भाग लेकर अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाई। इस अवसर पर IMA नीमच शाखा के सचिव डॉ. आदित्य भंडारी, डी-लाइफ ब्लड बैंक के संचालक डॉ. मनीष छाबड़ा सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

शिविर के समापन पर सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। IMA अध्यक्ष डॉ. मनीष चमड़िया ने सभी रक्तदाताओं, मेडिकल छात्रों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवता के प्रति समर्पण का प्रतीक है।

उन्होंने बताया कि डॉक्टर्स डे के उपलक्ष्य में आगामी दिनों में स्वास्थ्य जागरूकता, जनसेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रक्तदान शिविर में मिली उत्साहजनक सहभागिता ने यह साबित किया कि नीमच में सेवा और मानवीय मूल्यों की भावना आज भी जीवंत है।

Related Post