ताजासमाचार

तड़पती गौमाता को मिली नई जिंदगी, दो घंटे के ऑपरेशन में निकाला सड़ा हुआ सींग

डेस्क न्यूज़ 13 June, 2026 अन्य

नीमच। एक गंभीर रूप से घायल और असहनीय पीड़ा झेल रही गौमाता को आखिरकार राहत मिल गई। गऊ नंदी सेवा धाम में भर्ती गौमाता का सफल ऑपरेशन कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की संवेदनशीलता और त्वरित हस्तक्षेप के चलते संभव हो सका। करीब दो घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद पशु चिकित्सकों ने उसका सड़ा हुआ सींग अलग कर दिया, जिससे अब उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार धनेरिया कला क्षेत्र से लावारिस अवस्था में एक गौमाता को गऊ नंदी सेवा धाम लाया गया था। जांच में सामने आया कि उसका एक सींग गंभीर संक्रमण के कारण पूरी तरह सड़ चुका है और वह लंबे समय से दर्द से जूझ रही है। चिकित्सकों ने तत्काल ऑपरेशन की आवश्यकता बताई।

मामले को लेकर गौ सेवा समिति ने पशुपालन विभाग के उप संचालक राजेश पाटीदार से संपर्क किया। उनके सुझाव पर 1962 पशु चिकित्सा हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के लगभग चार घंटे बाद चलित पशु चिकित्सा एम्बुलेंस सेवा मौके पर पहुंची, लेकिन टीम ने अगले दिन ऑपरेशन करने की बात कही।

इस बीच पशु चिकित्सालय से समिति को गौमाता को अस्पताल लाने के लिए कहा गया, लेकिन परिवहन की व्यवस्था नहीं होने के कारण समिति ने चिकित्सकों से मौके पर पहुंचकर उपचार करने का अनुरोध किया। बावजूद इसके तत्काल समाधान नहीं निकल पाया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गौ सेवा समिति के सदस्य मितेश अहीर ने पूरे मामले की जानकारी कलेक्टर हिमांशु चंद्रा को व्हाट्सएप के माध्यम से भेजी। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक निर्देश दिए। आश्चर्यजनक रूप से करीब 20 मिनट के भीतर ही पशु चिकित्सालय से फोन आया और चिकित्सकों की टीम गऊ नंदी सेवा धाम पहुंच गई।

इसके बाद पशु चिकित्सकों ने लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ऑपरेशन कर गौमाता के सड़े हुए सींग के हिस्से को सफलतापूर्वक अलग किया। ऑपरेशन के बाद गौमाता को आवश्यक उपचार दिया गया और अब उसकी स्थिति पहले से बेहतर बताई जा रही है।

गौ सेवा समिति ने कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, पशुपालन विभाग और चिकित्सकीय टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना प्रशासन की संवेदनशीलता और गौसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है।

Related Post