डेस्क न्यूज़
15 June, 2026
अन्य
नीमच। गोमाबाई नेत्रालय मार्ग स्थित रोटरी सामुदायिक भवन में रोटरी क्लब नीमच द्वारा मंडलाध्यक्ष आधिकारिक सभा एवं दानदाता सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रोटरी अंतर्राष्ट्रीय मंडल 3040 के मंडलाध्यक्ष रोटे. सुशील मल्होत्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ प्रथम महिला रोटे. रूबी मल्होत्रा, दानदाता मनोज भंसाली एवं सहायक मंडलाध्यक्ष रोटे. संजय गोठी विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष रोटे. गिरधारी लाल गोयल ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं रोटरी के संस्थापक पॉल पी. हैरिस की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। रोटे. अन्तिमा भाटिया ने रोटरी प्रार्थना प्रस्तुत की तथा क्लब पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया।
समारोह का मुख्य आकर्षण दानदाता सम्मान रहा। रोटरी फाउंडेशन की ग्लोबल ग्रांट योजना के तहत नीमच मानव सेवा समिति संचालित डायलिसिस सेंटर के लिए दो अत्याधुनिक डायलिसिस मशीनों हेतु 10 हजार डॉलर का आर्थिक सहयोग देने पर कमलादेवी भंसाली परिवार की ओर से मनोज भंसाली का शॉल, श्रीफल, अभिनंदन पत्र एवं पुष्पमालाओं से सम्मान किया गया।
वहीं क्लब अध्यक्ष रोटे. गिरधारी लाल गोयल को भी डायलिसिस मशीन के लिए आर्थिक सहयोग, रोटरी सामुदायिक भवन का मुख्य द्वार निर्माण कराने तथा जलसेवा समिति को जल वाहन भेंट करने जैसी सेवाभावी गतिविधियों के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया गया। रोटरी फाउंडेशन ने गोयल परिवार को प्रतिष्ठित पॉल हैरिस फेलो पिन एवं प्रमाण पत्र से भी सम्मानित किया। पूर्व अध्यक्ष रोटे. सुरेश सोडानी को पॉल हैरिस फेलो लेवल-2 सम्मान प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर मंडलाध्यक्ष सुशील मल्होत्रा ने रोटरी क्लब नीमच द्वारा संचालित सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि भंसाली परिवार जैसे दानदाताओं के सहयोग से ही मानव सेवा के बड़े प्रकल्प साकार हो पाते हैं। उन्होंने क्लब को मंडल 3040 के सबसे सक्रिय और ऊर्जावान क्लबों में से एक बताया।
मंडलाध्यक्ष ने कहा कि रोटरी आहार केंद्र, सार्वजनिक शौचालय, निःशुल्क मेडिकल इक्विपमेंट बैंक, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, रोटरी सामुदायिक भवन, स्कूलों में फर्नीचर वितरण, गोमाबाई नेत्रालय के लिए आधुनिक चिकित्सा उपकरण, रेटिना जांच हेतु फंडस कैमरा तथा डायलिसिस सेंटर को मशीनें उपलब्ध कराना समाज सेवा के उत्कृष्ट उदाहरण हैं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ रोटेरियन विमल जैन सरावगी, पुरुषोत्तम गुप्ता, विजय जोशी, सत्यनारायण जगेटिया, सुरेश सोडानी, कोमल गांग, अनिल गोयल एवं सुरेश मोदी का भी सम्मान किया गया।
स्वागत उद्बोधन में अध्यक्ष गिरधारी लाल गोयल ने कहा कि दानशीलता केवल आर्थिक सहयोग नहीं बल्कि समाज के प्रति समर्पण की भावना है। सचिव रोटे. सुनील डबकरा ने क्लब वर्षभर की गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। संचालन एवं आभार प्रदर्शन रोटे. डॉ. पृथ्वी सिंह वर्मा एवं रोटे. पुरुषोत्तम गुप्ता ने किया। राष्ट्रगान के बाद सभी अतिथियों एवं रोटरी परिवार ने स्नेह भोज में सहभागिता की। समारोह में नगर के गणमान्य नागरिक, वरिष्ठ रोटेरियन एवं बड़ी संख्या में महिला सदस्य उपस्थित रहीं।