डेस्क न्यूज़
13 June, 2026
अन्य
नीमच। मुख्यमंत्री के प्रदेशव्यापी नशा मुक्ति अभियान के तहत नीमच पुलिस को मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जीरन थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 30 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। मामले में एक अन्य आरोपी को नामजद कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी उमेश यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 13 जून को जीरन थाना पुलिस हर्कियाखाल पुलिस सहायता केंद्र के पास महू-नीमच रोड पर नाकाबंदी कर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक पुलिस को देखकर अचानक वाहन मोड़कर भागने लगा। पुलिस को संदेह होने पर तत्काल पीछा कर उसे रोक लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विनोद पिता कारूलाल बावरी राठौर (30) निवासी मनासा खुर्द, जिला मंदसौर बताया। मोटरसाइकिल पर बंधे काले रंग के प्लास्टिक के कट्टे की तलाशी लेने पर उसमें 30 किलो ग्राम पीसा हुआ अवैध डोडाचूरा मिला।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से डोडाचूरा और हिरो होंडा मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-14 एमडी-5410 जब्त कर ली। जब्त माल और वाहन की कुल कीमत करीब 1 लाख 30 हजार रुपए बताई गई है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उक्त डोडाचूरा उसे नेपालसिंह निवासी सेमली मेवाड़ ने उपलब्ध कराया था। पुलिस ने नेपालसिंह को भी मामले में आरोपी बनाया है। फिलहाल वह फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उमेश यादव सहित हर्कियाखाल पुलिस सहायता केंद्र की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।