ताजासमाचार

नीमच कैंट पुलिस का नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार, 33 किलो डोडाचूरा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, राजस्थान से जुड़े तीन आरोपी पुलिस रिमांड पर

डेस्क न्यूज़ 13 June, 2026 अन्य

नीमच। प्रदेशव्यापी नशा विरोधी अभियान के तहत नीमच कैंट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 32.960 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत लगभग 65 हजार रुपए आंकी गई है।

पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत उप पुलिस महानिरीक्षक रतलाम रेंज निमिष अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध मादक पदार्थ की तस्करी कर रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए नीमच कैंट थाना पुलिस ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दलीप पिता ओमप्रकाश सोनी (35) निवासी खाराखेड़ा, जिला हनुमानगढ़ (राजस्थान), राजू पिता केहर सिंह (30) तथा गुरदीप पिता राजू सिंह (21) निवासी टिब्बी क्षेत्र, राजस्थान के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 32.960 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब डोडाचूरा के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। संभावना जताई जा रही है कि पूछताछ में नशे के कारोबार से जुड़े और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सौरभ शर्मा, उपनिरीक्षक दीवानसिंह चौहान तथा नीमच कैंट थाना पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Post