डेस्क न्यूज़
13 June, 2026
अन्य
नीमच। जिले के जावद थाना क्षेत्र के उम्मेंदपुरा गांव में 16 वर्षीय एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी में जहरीला पदार्थ सेवन किए जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार उम्मेंदपुरा निवासी अंजली पिता पुरुषोत्तम बैरागी (16) शुक्रवार शाम अपने घर पर थी। इसी दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे उल्टियां होने लगीं। परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए जावद चिकित्सालय लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे नीमच के श्रीराम अस्पताल रेफर कर दिया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए उदयपुर भेजा गया।
परिजन अंजली को लेकर उदयपुर रवाना हुए, लेकिन जिंदगी की जंग लड़ रही छात्रा ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि मंगलवाड़ चौराहे के समीप उसकी सांसें थम गईं। अंजली हाल ही में 11वीं कक्षा उत्तीर्ण कर 12वीं में पहुंची थी और जावद स्थित समता विद्यालय में अध्ययनरत थी।
घटना के बाद परिजन सदमे में हैं। उनका कहना है कि उन्हें अब तक यह समझ नहीं आ रहा कि अंजली ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ क्यों सेवन किया। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने और दोषी होने की स्थिति में जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
इधर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय नीमच भेजा, जहां चिकित्सकों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जावद थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है तथा परिजनों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल छात्रा की मौत के पीछे की वजह रहस्य बनी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले से पर्दा उठ सकेगा।