डेस्क न्यूज़
15 June, 2026
अन्य
नीमच। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी जिला नीमच द्वारा रविवार को भारत माता चौराहे पर केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर आधारित वृहद प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन भाजपा संभाग प्रभारी सुरेश आर्य, जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, विधायक दिलीप सिंह परिहार एवं विधायक माधव मारू ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों में किए गए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और ऐतिहासिक निर्णयों को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, आत्मनिर्भरता और सुशासन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचा है। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, डिजिटल इंडिया, महिला सशक्तिकरण, आधारभूत संरचना विकास तथा आत्मनिर्भर भारत अभियान सहित अनेक योजनाओं और उपलब्धियों को चित्रों एवं विस्तृत जानकारी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।
भाजपा नेताओं ने नागरिकों से प्रदर्शनी का अवलोकन कर केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शनी आगामी तीन दिनों तक आमजन के लिए खुली रहेगी।
उद्घाटन समारोह में भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।