ताजासमाचार

घरेलू विवाद ने लिया हिंसक रूप ! महिला का आरोप- 25 लोगों ने घर में घुसकर किया हमला, लूटपाट और जान से मारने की धमकी

डेस्क न्यूज़ 13 June, 2026 अन्य

नीमच। नीमच सिटी थाना क्षेत्र के रावण रूंडी में एक घरेलू विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब एक महिला ने अपने ससुराल पक्ष से जुड़े लोगों पर घर में घुसकर जानलेवा हमला करने, मारपीट, लूटपाट और लगातार धमकियां देने के गंभीर आरोप लगाए। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

पीड़िता शाइना पति शाहिद शाह के अनुसार उसके भाई आफताब की पत्नी सुल्ताना घरेलू विवाद के बाद 11 जून को बिना सूचना दिए अपने मायके चली गई थी। इसके बाद सुल्ताना के परिजन और अन्य लोग बड़ी संख्या में वाहन लेकर रावण रूंडी स्थित उसके घर पहुंचे। महिला का आरोप है कि करीब 25 लोग कारों और मोटरसाइकिलों में सवार होकर आए और पहले घर के बाहर विवाद किया, फिर घर में घुसकर हमला कर दिया।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि हमलावर लाठी, तलवार और चाकू जैसे हथियारों से लैस थे। उन्होंने घर में मौजूद लोगों के साथ मारपीट की, जिसमें शाइना गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला के अनुसार हमले में उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके नाबालिग पुत्र तनवीर शाह पर भी चाकू से हमला किए जाने का आरोप है। वहीं उसकी माता आईशा बी के साथ भी मारपीट की गई। घायलों का अस्पताल में उपचार कराया गया।

महिला ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसके और उसकी माता के गले से मंगलसूत्र तथा उसके पुत्र के गले से सोने की चैन भी छीन ली गई। घटना के बाद आरोपियों द्वारा परिवार को जान से मारने, झूठे मामलों में फंसाने और मादक पदार्थ रखवाकर कार्रवाई कराने जैसी धमकियां दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

पीड़िता का कहना है कि घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई थी और मेडिकल परीक्षण भी कराया गया, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उसने आरोप लगाया कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और परिवार पर दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं।

महिला ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज करने, कठोर कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Related Post