ताजासमाचार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर नीमच में आज प्रदर्शनी और ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’

डेस्क न्यूज़ 14 June, 2026 अन्य

नीमच । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन, विकास और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी जिला नीमच द्वारा रविवार को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियों, जनहितकारी योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

भाजपा जिला संगठन के अनुसार दोपहर 2:30 बजे भारत माता चौराहे पर केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों, ऐतिहासिक निर्णयों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित एक वृहद प्रदर्शनी का उद्घाटन जनप्रतिनिधियों द्वारा किया जाएगा। प्रदर्शनी में विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आम नागरिकों को दी जाएगी तथा यह आमजन के अवलोकन के लिए खुली रहेगी।

इसके पश्चात शाम 5 बजे लायंस डेन, नीमच में “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” आयोजित होगा। सम्मेलन में प्रबुद्धजन, सामाजिक कार्यकर्ता, चिकित्सक, अधिवक्ता, उद्योग एवं व्यापार जगत से जुड़े प्रतिनिधि सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के नागरिक शामिल होंगे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों, विकसित भारत के विजन और राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी की भूमिका पर अपने विचार रखेंगे।

भाजपा जिला नीमच ने जिलेवासियों से दोनों कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर विकसित भारत के संकल्प को मजबूत बनाने की अपील की है। उक्त जानकारी जिला मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी एवं सह मीडिया प्रभारी शुभम शर्मा द्वारा दी गई।

Related Post