ताजासमाचार

'बिल में छिपे सपोलों को भी ढूंढ निकालती है हमारी पुलिस', आईजी कॉन्फ्रेंस में बोले मुख्यमंत्री मोहन यादव

डेस्क न्यूज़ 13 June, 2026 अन्य

आतंकवाद, साइबर अपराध और कानून व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश; पुलिस की उपलब्धियों पर जताया गर्व, भर्ती अभियान तेज करने की बात कही

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय आईजी कॉन्फ्रेंस में प्रदेश की कानून व्यवस्था, पुलिस की उपलब्धियों और भविष्य की चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने मध्यप्रदेश पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश की पुलिस किसी भी चुनौती से निपटने में सक्षम है और हाल ही में आतंकवादियों के सहयोगियों पर की गई कार्रवाई इसका बड़ा उदाहरण है।

कॉन्फ्रेंस के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस ने आतंकवादियों के सहयोगी को पकड़कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। उन्होंने कहा कि "हमारी पुलिस बिल में छिपे सपोलों को भी ढूंढ निकालने में समर्थ है।" पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए जिहादी मानसिकता से जुड़े साहित्य और नेटवर्क का खुलासा किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

सिंहस्थ-2028 को बताया बड़ी चुनौती

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ-2028 करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का महापर्व है और मध्यप्रदेश पुलिस संवेदनशीलता, सतर्कता और सेवा भाव के साथ इस आयोजन को देश-दुनिया के सामने आदर्श उदाहरण बना सकती है।

उन्होंने साइबर अपराधों की रोकथाम, सड़क दुर्घटनाओं में कमी, मानव तस्करी पर नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा को मजबूत करने और धार्मिक स्थलों पर ध्वनि विस्तारक यंत्रों को लेकर न्यायालय के निर्देशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

पुलिस की उपलब्धियों पर जताया गर्व

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल में मध्यप्रदेश पुलिस ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। मंडला, बालाघाट और डिंडोरी जैसे क्षेत्रों में वर्षों से चली आ रही नक्सल समस्या पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए प्रदेश को नक्सलवाद के दंश से मुक्त करने में पुलिस ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए गए अभियान में मध्यप्रदेश पुलिस ने उत्कृष्ट कार्य किया है, जिस पर पूरे प्रदेश को गर्व है।

पुलिस भर्ती और संसाधनों पर फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते समय के साथ पुलिस के सामने साइबर अपराध सहित नई चुनौतियां खड़ी हो रही हैं। इन्हें देखते हुए सरकार लगातार संसाधन बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग में रिक्त पदों को भरने के लिए भर्ती अभियान चलाया जा रहा है और पिछले वर्ष से 22 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि पुलिस विभाग में कोई भी पद खाली न रहे और प्रदेश में सुशासन एवं सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।

Related Post