डेस्क न्यूज़
13 June, 2026
अन्य
नीमच। सेवा और संस्कार के क्षेत्र में अग्रणी संस्था भारत विकास परिषद मुख्य शाखा नीमच द्वारा आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस सप्ताह के उपलक्ष्य में एक भव्य सात दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष शिविर परिषद परिवार के सदस्यों सहित आमजन के उत्तम स्वास्थ्य और मानसिक शांति के लिए सोमवार, 15 जून से शुरू होकर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस यानी रविवार, 21 जून तक अनवरत संचालित होगा।
रोजाना सुबह डेढ़ घंटे चलेगा शिविर, ध्यान और प्राणायाम पर रहेगा जोर
भारत विकास परिषद शाखा नीमच के अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुप्ता, सचिव सतीश गोयल, महिला प्रमुख सुनीता चौधरी, प्रकल्प संयोजक राजेश जायसवाल एवं मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी द्वारा जारी संयुक्त विज्ञप्ति में बताया गया कि, यह सात दिवसीय योग शिविर आईएफके (IFK) एकेडमी, टी.आई.टी. कॉलोनी के पास, बीएसएनएल रोड पर आयोजित किया जाएगा। शिविर का समय प्रतिदिन प्रातः 6:30 बजे से 8:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
इस शिविर में नगर की सुप्रसिद्ध योग शिक्षिका रिमझिम मंगल के कुशल मार्गदर्शन में उपस्थित संभागियों को योग, प्राणायाम, आसन और ध्यान (मेडिटेशन) की विभिन्न वैज्ञानिक व व्यावहारिक विधियाँ अत्यंत सरल तरीके से सिखाई जाएँगी, जो आधुनिक जीवनशैली में तनावमुक्त और निरोगी रहने के लिए बेहद उपयोगी हैं।
परिषद पदाधिकारियों ने की आमजन से शामिल होने की अपील
भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों ने नीमच के प्रबुद्ध नागरिकों और योग प्रेमियों से अपील की है कि वे समय पर शिविर में पहुंचकर इस सात दिवसीय स्वास्थ्य यज्ञ का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।