ताजासमाचार

मल्हारगढ़ से घर लौट रहे किसान की सड़क हादसे में मौत! बालाजी मंदिर के पास अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, चालक फरार

डेस्क न्यूज़ 04 June, 2026 अन्य

नीमच। जिले के जीरन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नयाखेड़ा निवासी एक व्यक्ति की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान परसराम पाटीदार (50) पिता सुखलाल पाटीदार निवासी नयाखेड़ा के रूप में हुई है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार परसराम पाटीदार किसी निजी कार्य से मल्हारगढ़ गए हुए थे। बुधवार देर शाम वे मोटरसाइकिल से अपने गांव नयाखेड़ा लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के बाहर बालाजी मंदिर के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय नीमच पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। दुर्घटना जीरन थाना क्षेत्र की होने के कारण प्रारंभिक कार्रवाई के तहत कैंट थाना पुलिस ने जीरो पर मर्ग कायम किया। गुरुवार को जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना को अंजाम देने वाला वाहन चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Post