ताजासमाचार

नीमच में नशा माफियाओं पर सर्जिकल स्ट्राइक की तैयारी ! आईजी राकेश गुप्ता की हाई लेवल बैठक में एमडी ड्रग्स, अफीम तस्करी और नशा कारोबार के सफाए का बना मास्टर प्लान

डेस्क न्यूज़ 04 June, 2026 अन्य

नीमच। उज्जैन रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राकेश गुप्ता बुधवार शाम नीमच पहुंचे। उन्होंने सीआरपीएफ परिसर स्थित ऑफिसर्स मेस में रात्रि विश्राम किया। गुरुवार सुबह वे पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे, जहां जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की समीक्षा के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी मौजूद रहे। आईजी ने जिले की कानून व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अपराध नियंत्रण और जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

बैठक का मुख्य फोकस जिले में बढ़ते नशे के अवैध कारोबार पर रहा। आईजी राकेश गुप्ता ने विशेष रूप से एमडी ड्रग्स के नेटवर्क को लेकर चिंता व्यक्त की और इस अवैध कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए प्रभावी रणनीति बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे का कारोबार युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

इसके साथ ही जिले में अफीम तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए भी विशेष कार्ययोजना तैयार की गई। सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और तस्करी में शामिल नेटवर्क को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

आईजी ने ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से अधिक से अधिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का उपयोग अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की पहचान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ग्राम स्तर पर जनसहयोग से सीसीटीवी नेटवर्क विकसित करने के प्रयास तेज किए जाएंगे।

बैठक में स्कूलों और कॉलेजों के आसपास नशे की सामग्री बेचने वालों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। आईजी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शैक्षणिक संस्थानों के आसपास किसी भी प्रकार की नशे की गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाए जाएं। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना भी पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल होना चाहिए।

बैठक के दौरान जिले में अपराध नियंत्रण, पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने, आमजन से संवाद बढ़ाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। आईजी ने सभी अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए अपराधियों और तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Related Post