डेस्क न्यूज़
04 June, 2026
अन्य
नीमच। जिले के जावद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुवाखेड़ा निवासी एक युवक की सल्फास सेवन के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान श्यामलाल डांगी पिता बापूलाल डांगी (30) निवासी सुवाखेड़ा के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार श्यामलाल डांगी ने बुधवार को अपने घर पर अज्ञात कारणों के चलते जहरीली सल्फास की गोलियों का सेवन कर लिया। कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उसे तत्काल जिला चिकित्सालय नीमच लेकर पहुंचे। अस्पताल में बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।
चिकित्सकों ने युवक की जान बचाने के लिए लगातार प्रयास किए, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी रही। गुरुवार सुबह करीब 10:45 बजे उपचार के दौरान श्यामलाल ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम किया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार श्यामलाल महाराष्ट्र में भेलपुरी का व्यवसाय कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह कुछ दिन पहले परिवार में आयोजित एक शोक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने गांव सुवाखेड़ा आया हुआ था। इसी दौरान यह दुखद घटना सामने आई।
फिलहाल युवक द्वारा सल्फास सेवन किए जाने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों सहित अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण सामने आ सकेंगे।