ताजासमाचार

नीमच में डिप्टी कलेक्टर रहे अरविंद माहौर रेप केस में गिरफ्तार, शादी का झांसा देकर लगातार दुष्कर्म के आरोप, वर्तमान में मुरैना में पदभार

डेस्क न्यूज़ 04 June, 2026 अन्य

नीमच/मुरैना। मध्यप्रदेश प्रशासनिक सेवा के अधिकारी एवं वर्तमान में मुरैना जिला मुख्यालय पर पदस्थ डिप्टी कलेक्टर अरविंद माहौर को दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। माहौर पूर्व में नीमच जिले में एसडीएम और डिप्टी कलेक्टर के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। उनकी गिरफ्तारी की खबर सामने आते ही प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का दौर शुरू हो गया है।

सिविल लाइन थाना मुरैना में दर्ज एफआईआर के अनुसार एक युवती ने आरोप लगाया है कि अरविंद माहौर ने शादी का वादा कर लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर बुधवार रात उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार पीड़िता की आरोपी अधिकारी से पहचान फेसबुक के माध्यम से हुई थी। बाद में दोनों के बीच संपर्क बढ़ा और शादी का प्रस्ताव रखा गया। युवती का आरोप है कि मार्च 2025 से जून 2026 तक आरोपी ने शादी का भरोसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए और बाद में विवाह से इंकार कर दिया।

वर्तमान में मुरैना कलेक्ट्रेट में दे रहे सेवाएं

अरविंद माहौर वर्तमान में मुरैना कलेक्ट्रेट में डिप्टी कलेक्टर के पद पर पदस्थ हैं। इससे पहले वे सबलगढ़ एसडीएम के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। प्रशासनिक सेवा के दौरान वे नीमच जिले में भी विभिन्न जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।

पहले भी विवादों में रहा नाम

माहौर का नाम इससे पहले भी कई विवादों से जुड़ चुका है। महिलाओं से कथित दुर्व्यवहार के मामले में वर्ष 2025 में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर उनके खिलाफ कार्रवाई हुई थी। इसके अलावा ग्रामीण को थप्पड़ मारने और एक निजी कार्यक्रम में गार्ड से अभद्रता का मामला भी सुर्खियों में रहा था।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने की प्रक्रिया जारी है। मामले में अंतिम सत्यता का निर्धारण न्यायालयीन प्रक्रिया के बाद ही होगा।

Related Post