डेस्क न्यूज
02 June, 2026
अन्य
राष्ट्रीय चैंपियनशिप में कनकश्री और भूमि ने जीते स्वर्ण, सिद्धांत को रजत और अस्मि ने दिलाया कांस्य
नीमच। गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित 15वीं मॉडर्न पेंटाथलॉन बायथल-ट्रायथल राष्ट्रीय चैंपियनशिप में नीमच के खिलाड़ियों ने पहले ही दिन अपनी प्रतिभा का दम दिखाते हुए पदकों की झड़ी लगा दी। मध्यप्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे नीमच स्विमफ्लाय स्पोर्ट्स क्लब के खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम राष्ट्रीय मंच पर रोशन किया है।
प्रतियोगिता के अंडर-19 ट्रायथल वर्ग में कनकश्री तेजप्रकाश धारवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं जूनियर गर्ल्स वर्ग में भूमि गोविंद अग्रवाल ने भी गोल्ड मेडल जीतकर नीमच को दूसरी बड़ी सफलता दिलाई।
जूनियर बॉयज वर्ग में सिद्धांत सिंह गोपाल सिंह जादौन ने कड़े मुकाबलों के बीच शानदार प्रदर्शन कर रजत पदक हासिल किया। इसके अलावा अस्मि मयंक कटारिया ने कांस्य पदक जीतकर नीमच की पदक तालिका में एक और उपलब्धि जोड़ दी।
देशभर से पहुंचे खिलाड़ियों के बीच हुए मुकाबलों में नीमच के खिलाड़ियों ने अनुशासन, फिटनेस और आत्मविश्वास का बेहतरीन प्रदर्शन किया। पहले दिन ही चार पदक मिलने से खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
वाटर स्पोर्ट्स मेंटॉर एवं कोच प्रभु मूलचंदानी तथा मोटिवेटर राकेश कोठारी ने खिलाड़ियों की उपलब्धि को उनकी मेहनत और समर्पण का परिणाम बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रतियोगिता के आगामी दो दिनों में भी खिलाड़ी इसी तरह शानदार प्रदर्शन करेंगे।
मॉडर्न पेंटाथलॉन जिला अध्यक्ष डॉ. मनीष चमड़िया एवं सह-सचिव मयंक कटारिया ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि जिले के खेल भविष्य के लिए प्रेरणादायक है।
खिलाड़ियों की सफलता में कोच नीलेश घावरी, आयुष गौड़, सुधा सोलंकी, समीर सिंह जादौन, अभिषेक अहीर और रोहित अहीर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता में अभी दो दिन का खेल शेष है और नीमच के खिलाड़ियों से पदकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद की जा रही है।