ताजासमाचार

हिस्ट्रीशीटर की गुंडागर्दी से समाजजनों में रोष ! कैफे में युवकों से मारपीट, झूठे केस में फंसाने के आरोप… एसपी तक पहुंची शिकायत 

डेस्क न्यूज़ 27 May, 2026 अन्य

नीमच | अवैध गतिविधियों और आपराधिक मामलों को लेकर चर्चाओं में रहने वाला नीमच के एक कथित हिस्ट्रीशीटर बदमाश माधव बंसल पर आईपीएल सट्टा, अपहरण, फिरौती और मारपीट जैसे गंभीर मामलों का हवाला देते हुए अब समाजसेवी जय अहीर ने समाजजनों के साथ नीमच पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपकर आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार 17 मई की रात भरभड़िया रोड स्थित एक कैफे पर यादव समाज के आदेश अहीर अपने दोस्तों ऋतिक रेगर और पुलकित शर्मा के साथ खाना खाने पहुंचे थे। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद माधव बंसल, ध्रुव वर्मा और उनके 25 से 30 साथियों ने नशे में युवकों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और बाद में मारपीट की।

आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर युवकों को अपमानित भी किया गया। घटना के बाद घायल युवक किसी तरह वहां से निकलकर थाने पहुंचे, जहां पुलिस और परिजनों की मौजूदगी में समझाइश हुई। हालांकि शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि अब उन्हें झूठे मामलों में फंसाने की साजिश रची जा रही है।

जय अहीर सहित समाज जन ने एसपी को दिए आवेदन में कहा है कि माधव बंसल खुद कई मामलों में आरोपी रह चुका है और उसके खिलाफ पहले से विभिन्न प्रकरण दर्ज हैं। इसके बावजूद वह लगातार युवाओं को धमकाने और दहशत फैलाने का काम कर रहा है। उन्होंने मांग की कि ऐसे बदमाशों को नीमच में पनपने नहीं दिया जाए और उन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि वर्ष 2022 में उदयपुर के एक फाइनेंस व्यापारी के अपहरण और फिरौती मामले में भी माधव बंसल का नाम सामने आया था। साथ ही आईपीएल क्रिकेट सट्टे और करोड़ों रुपये के लेनदेन से जुड़े मामलों का भी उल्लेख आवेदन में किया गया है।

Related Post