डेस्क न्यूज़
26 May, 2026
अन्य
नीमच। जिले के ग्राम मेलकी में पिछले चार वर्षों से बंद पड़ा एक ग्रामीण रास्ता अब गांववासियों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। खेत, कुएं और मकानों तक पहुंचने के लिए जूझ रहे ग्रामीणों ने आखिरकार कलेक्टर जनसुनवाई में पहुंचकर रास्ता खुलवाने और पुलिया निर्माण की मांग उठाई है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव के भीतर से होकर जाने वाला यह मुख्य मार्ग बरसात के पानी और पत्थरों के जमाव के कारण पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। समय के साथ रास्ते पर झाड़ियां उग आई हैं, जिससे यह पूरी तरह बंद हो गया है। स्थिति यह है कि अब इस रास्ते से आवागमन लगभग असंभव हो गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर पुलिया का निर्माण नहीं होने से समस्या और बढ़ गई है। खासकर बरसात के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं, जब पानी भरने के कारण रास्ता पूरी तरह बंद हो जाता है।
मजबूरी में गांववाले अब संतोष पिता कन्हैयालाल गुर्जर की निजी जमीन से होकर आने-जाने को विवश हैं, जिससे भविष्य में विवाद की आशंका भी बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर वे कई बार ग्राम पंचायत झालरी के सरपंच कालूराम गुर्जर को मौखिक रूप से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सरपंच द्वारा बार-बार यह आश्वासन दिया जाता रहा कि रास्ता और पुलिया निर्माण का कार्य स्वीकृत हो चुका है और जल्द शुरू होगा, लेकिन जमीनी स्तर पर काम शुरू नहीं हो सका।
हाल ही में भी जब ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की मांग दोहराई, तो मजदूर नहीं मिलने का हवाला देकर फिर आश्वासन दे दिया गया।
थक-हारकर अब ग्रामीणों ने कलेक्टर से गुहार लगाई है कि बंद पड़े इस मार्ग को जल्द चालू करवाया जाए और आवश्यक पुलिया का निर्माण कराया जाए, ताकि गांववासियों को रोजमर्रा के आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।