डेस्क न्यूज
25 May, 2026
अन्य
नीमच। महावीर इंटरनेशनल प्रियदर्शिनी द्वारा सोमवार को जिला अस्पताल में नवजात शिशुओं के लिए बेबी किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्था अध्यक्ष रजिया अहमद ने बताया कि अपैक्स से प्राप्त 50 बेबी किट नवजात बालक-बालिकाओं एवं उनकी माताओं को वितरित किए गए।
उन्होंने बताया कि बेबी किट विशेष रूप से स्वच्छता और हाइजीन को ध्यान में रखते हुए तैयार किए गए हैं, ताकि नवजात शिशुओं को शुरुआती दिनों में बेहतर देखभाल मिल सके। कार्यक्रम के दौरान माताओं को नवजात बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि मां का दूध नवजात शिशु के लिए सबसे उत्तम और लाभकारी आहार होता है। माताओं को बच्चों को अधिक समय तक स्तनपान कराने के लिए प्रेरित किया गया। बताया गया कि मां का दूध बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के साथ उन्हें स्वस्थ और तंदुरुस्त रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम में डिप्टी डायरेक्टर वूमन्स इंपावरमेंट आशा सांभर, संस्था उपाध्यक्ष माया वीरवाल, अस्पताल स्टाफ सहित बड़ी संख्या में माताएं उपस्थित रहीं। संस्था द्वारा किए गए इस सेवा कार्य की अस्पताल परिसर में सराहना की गई।