ताजासमाचार

नयागांव चौकी पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप, सफाई कर्मचारियों और वाल्मीकि समाज ने एसपी को सौंपा ज्ञापन, मारपीट मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग

डेस्क न्यूज 25 May, 2026 अन्य

नीमच। जिले के नया गांव क्षेत्र में सफाई कर्मचारियों के साथ हुई कथित मारपीट और पुलिस कार्रवाई को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। सोमवार को नगर परिषद के सफाई कर्मचारी और वाल्मीकि समाज के लोग पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

पीड़ित रवि, निवासी नया गांव ने बताया कि वह नगर परिषद में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत है। उसके अनुसार 30 मई की रात करीब 8:30 बजे तुलसीराम खारोल और उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट की। घटना के बाद वह शिकायत दर्ज कराने नया गांव चौकी पहुंचा, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की और सुबह आने की बात कहकर वापस भेज दिया।

पीड़ित का आरोप है कि अगले दिन भी उनकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी दौरान एक कार्यक्रम में दोबारा विवाद की स्थिति बन गई, जहां मौजूद सफाई कर्मचारियों के साथ कथित रूप से अभद्रता की गई और जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया गया। इसके बाद मामला और बढ़ गया तथा मारपीट की घटना सामने आई।

सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि पुलिस ने उनकी शिकायत को गंभीरता से लेने के बजाय उल्टा उनके ही करीब आठ साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया। पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि तुलसीराम खारोल के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, बावजूद इसके पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई नहीं कर रही है।

वाल्मीकि समाज और सफाई कर्मचारियों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा दर्ज प्रकरण की पुनः जांच की मांग की। पीड़ितों का कहना है कि उन्हें न्याय चाहिए और प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद है।

Related Post