डेस्क न्यूज़
25 May, 2026
अन्य
नीमच। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के नीमच स्थित परिसर में 61 नव नियुक्त अधीनस्थ अधिकारियों (भूतपूर्व सैनिक) का बुनियादी प्रशिक्षण सह शपथ ग्रहण परेड समारोह उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति के माहौल में सम्पन्न हुआ। आरटीसी नीमच के भव्य परेड ग्राउंड पर आयोजित समारोह में प्रशिक्षुओं ने शानदार मार्चपास्ट और रण-कौशल का प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।
समारोह के मुख्य अतिथि दर्शन लाल गोला ने परेड की सलामी ली। परेड का नेतृत्व उप निरीक्षक/कैडेट मंजित सिंह ने किया, जबकि उप निरीक्षक/कैडेट करण कुमार कौशल परेड के सेकंड-इन-कमांड रहे।
इस अवसर पर प्रमोद कुमार सिंह, छोटन ठाकुर, प्रमोद कुमार साहू, जितेंद्र कुमार गुप्ता सहित सीआरपीएफ के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में स्थानीय प्रशासन, पुलिस विभाग, जनप्रतिनिधि, मीडिया कर्मी और जवानों के परिजन भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
जानकारी के अनुसार इन नव नियुक्त अधिकारियों का प्रशिक्षण 2 मार्च 2026 से शुरू हुआ था। 12 सप्ताह के प्रशिक्षण के दौरान उन्हें शारीरिक दक्षता, हथियार संचालन, युद्ध कौशल, कानून, प्रबंधन और निहत्थी लड़ाई का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही भीड़ एवं दंगा नियंत्रण, मानवाधिकार, आपदा प्रबंधन और जनता के साथ बेहतर पुलिस संबंधों को लेकर भी व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षुओं को जंगल सर्वाइवल प्रशिक्षण देकर कठिन परिस्थितियों में कार्य करने के लिए भी तैयार किया गया। प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को मुख्य अतिथि द्वारा ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि दर्शन लाल गोला ने अपने संबोधन में नव नियुक्त अधिकारियों से देश की सुरक्षा, अखंडता और सेवा भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अब ये अधिकारी पूर्ण सैनिक के रूप में देश के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात होकर राष्ट्र सेवा का दायित्व निभाएंगे।
समारोह के दौरान कैडेट्स द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों और रण-कौशल प्रदर्शन ने उपस्थित लोगों का खूब उत्साह बढ़ाया और पूरा परेड ग्राउंड तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।