ताजासमाचार

नीमच में उर्स मुबारक की रूहानी महफिल, सूफियाना कलामों से झूम उठे अकीदतमंद

डेस्क न्यूज़ 25 May, 2026 अन्य

नीमच। हजरत चाँदशाह वली बाबा के 51वें सालाना उर्स मुबारक के मौके पर महू रोड स्थित आस्ताने पर शनिवार रात बाद नमाज-ए-ईशा भव्य महफिल-ए-शमां का आयोजन किया गया। सूफियाना कलाम, नातिया पेशकश और मनकबतों से पूरी फिजा रूहानियत से सराबोर हो उठी। देर रात तक जायरीन और अकीदतमंद कव्वालियों में डूबे नजर आए।

तामीर कमेटी के सदर बबलू भाई ने बताया कि मरहूम गजानंद शर्मा एवं कय्यूम भाई टांडे वाले की सरपरस्ती और प्रेरणा से हर वर्ष उर्स मुबारक अदब और एहतराम के साथ मनाया जाता है।

महफिल-ए-शमां में समीर असलम साबरी कव्वाल पार्टी चित्तौड़गढ़, अकसद-अकदस कव्वाल बच्चा पार्टी नीमच तथा हाजी अकरम उमर कव्वाल पार्टी ने एक से बढ़कर एक सूफियाना कलाम पेश किए।

“सांसों की माला बिखरने से पहले, मदीना दिखा दो मरने से पहले”, “हर काम बनता जाएगा कह दो या हक मोईन”, “तुमको पाया है किस्मत से इशारा कर दे या मेरे ख्वाजा” और “चौखट में आ गया हूं तुम्हारी चांदशाह वली सरकार” जैसे कलामों पर अकीदतमंद झूम उठे।

उर्स मुबारक के दौरान जायरीन ने बाबा साहब के आस्ताने पर चादर शरीफ और फूल पेश कर मुल्क में अमन-ओ-चैन की दुआ मांगी। आस्ताने के बाहर की गई आकर्षक विद्युत सज्जा भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। वहीं सुबह-शाम लंगर और तबर्रुक का वितरण भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जायरीन शामिल हुए।

इस रूहानी महफिल में मजीत भाई मुल्तानी, गोविंद सुराह, सन्नी गोत्रा, बिट्टू गोत्रा, इकबाल भाई, अनवर खान, संगतसिंह गोत्रा, रूपा शर्मा एवं बाबा भोला नाथ सहित कई जिम्मेदारान और बाहर से आए सूफी संत मौजूद रहे।

Related Post