ताजासमाचार

नीमच यातायात पुलिस का बड़ा अभियान! यात्री बसों, ब्लैक फिल्म और नाबालिग वाहन चालकों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई

डेस्क न्यूज़ 25 May, 2026 अन्य

नीमच। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे 7 दिवसीय विशेष अभियान के तहत नीमच यातायात पुलिस ने जिलेभर में सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। अभियान के दौरान यात्री बसों, ब्लैक फिल्म लगे वाहनों और नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ धड़ाधड़ चालानी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के निर्देशन में थाना प्रभारी यातायात सोनू बडगुर्जर और उनकी टीम द्वारा यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत यात्री बसों के विरुद्ध 11 चालान बनाकर 5 हजार 500 रुपये समन शुल्क वसूला गया। वहीं ब्लैक फिल्म लगे वाहनों और नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 201 चालान बनाए गए, जिनसे 89 हजार 800 रुपये समन शुल्क वसूला गया। इस प्रकार कुल 213 चालानों के जरिए 95 हजार 300 रुपये की राशि वसूल की गई।

यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, वाहनों पर ब्लैक फिल्म न लगाएं तथा माता-पिता अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें।

पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
 

Related Post