ताजासमाचार

Breaking News :- नीमच के तिलस्वा घाट में बड़ा हादसा ! भीलवाड़ा से सिंगोली आ रही बस खाई में उतरी, यात्री घायल 

अंकित मेवाड़ा 24 May, 2026 अन्य

नीमच \ सिंगोली। नीमच जिले के सिंगोली तहसील स्थित तिलस्वा घाट पर आज एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया है। शुरुआती खबरों के अनुसार भीलवाड़ा से सिंगोली की ओर आ रही 'शिवशक्ति' यात्री बस (RJ 20 PB 1553) तिलस्वा घाट के कुख्यात और खतरनाक मोड़ पर अचानक अनियंत्रित हो गई। देखते ही देखते बस अपना संतुलन खो बैठी और सीधे गहरी खाई में जा गिरी।

प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो मंजर बेहद रोंगटे खड़े कर देने वाला था। अनियंत्रित बस खाई में गिरते समय करीब तीन बार पलटी खाती हुई नीचे जा गिरी। बस की हालत भयावहता की गवाही दे रही है। बस में लगभग 30 यात्री सवार थे। खाई में गिरते ही चीख-पुकार मच गई और हर तरफ अफरा-तफरी का आलम हो गया। कई घायलों को खरोंच और रगड़ के साथ-साथ  चोटे आई हैं.   

राहत और बचाव कार्य जारी, प्रशासनिक अमला मुस्तैद
घटना की सूचना मिलते ही सिंगोली पुलिस और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युद्ध स्तर पर राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल बाहर निकालकर एंबुलेंस और अन्य निजी वाहनों के जरिए अस्पताल रवाना किया गया है। हालांकि, अभी तक घायलों की सही संख्या और उनकी स्थिति को लेकर प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन कई यात्रियों के गंभीर रूप से घायल होने की आशंका जताई जा रही है।

खतरनाक मोड़ बना काल, ग्रामीणों में आक्रोश
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने कहा की गनीमत है कोई जनहानी नहीं हुई, लेकिन साथ ही आरोप लगाया कि तिलस्वा घाट का यह मोड़ 'डेथ ट्रैप' बना हुआ है और पूर्व में भी यहाँ कई हादसे हो चुके हैं। लोगों ने सख्त लहजे में कहा कि प्रशासन की लापरवाही के कारण यह मोड़ आज कई लोगों के लिए काल बन गया है। अब स्थानीय जनता इस खतरनाक मोड़ को तत्काल सुधारने और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग कर रही है।

फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और घायलों का उपचार किया जा रहा है।

Related Post