डेस्क न्यूज़
23 May, 2026
अन्य
नीमच | नीमच जिले में मरीजों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले अस्पतालों पर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। एसडीएम नीमच, संजीव साहू ने जिले के तीन प्रमुख अस्पतालों श्रीराम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, चौरडिया हॉस्पिटल और गोमाबाई नेत्रालय को अग्नि और विद्युत सुरक्षा मानकों में भारी लापरवाही बरतने के कारण 'कारण बताओ नोटिस' जारी किए हैं।
प्रशासन द्वारा मई माह में गठित विशेष दल ने कई अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया, जिसमें मरीजों की जान जोखिम में डालने वाली गंभीर खामियां उजागर हुई हैं। एसडीएम श्री साहू ने स्पष्ट किया है कि यदि 7 दिनों के भीतर इन कमियों को दूर नहीं किया गया, तो संबंधित अस्पतालों का लाइसेंस निलंबित कर उन्हें सील कर दिया जाएगा।
निरीक्षण में पाई गई प्रमुख गंभीर खामियां
प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार, तीनों अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से लचर पाई गई है:
श्रीराम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल: औचक्क निरीक्षण दल ने पाया कि यहाँ स्टाफ को अग्निशामक यंत्रों का कोई प्रशिक्षण नहीं है। साथ ही, बेसमेंट पार्किंग बिना अनुमति के चल रही है और एनआईसीयू वार्ड का संचालन भी बिना वैध अनुमति के किया जा रहा है। अग्निशमन यंत्रों का रखरखाव भी सही नहीं पाया गया।
चौरडिया हॉस्पिटल: अस्पताल के पास स्थायी फायर एनओसी का अभाव है। निरीक्षण में फायर हाइड्रेंट सिस्टम निष्क्रिय मिले, उनमें पानी का प्रेशर तक नहीं था। इसके अलावा, बिना वैध दस्तावेजों के बेसमेंट में ब्लड बैंक का संचालन और मेडिकल स्टोर पर फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति भी बड़ी चूक है।
गोमाबाई नेत्रालय: अस्पताल की लॉबी में स्मोक डिटेक्टर नहीं हैं। कैंटीन एरिया में एग्जॉस्ट सिस्टम बंद है और वहां अव्यवस्थित वायरिंग पाई गई है, जो शॉर्ट सर्किट का बड़ा कारण बन सकती है। लिफ्ट के आपातकालीन बटन और नंबर भी निष्क्रिय पाए गए।
प्रशासन की दो-टूक: जनहानि बर्दाश्त नहीं
एसडीएम संजीव साहू ने चेतावनी दी है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थानों पर अग्नि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, "अस्पतालों में पाई गई कमियों के कारण किसी भी आकस्मिक दुर्घटना की स्थिति में मरीजों का बचाव करना असंभव होगा। इन लापरवाहियों से बड़ी जनहानि हो सकती है।"
प्रशासन ने जिले के सभी नर्सिंग होम्स और बहुमंजिला भवनों को भी कड़े निर्देश दिए हैं कि वे अग्नि सुरक्षा नियमों का तुरंत पालन सुनिश्चित करें। निर्धारित समय-सीमा के बाद दोबारा जांच की जाएगी और नियमों की अनदेखी पाए जाने पर संस्था प्रबंधकों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जनहित की दृष्टी से नीमच प्रशासन द्वारा संभावित दुर्घटनाओं से पूर्व ही संस्थानों को आगाह कर दिया गया है और इन संस्थानों को भी समय पर इन सभी आशंकाओं को दूर कर व व्यवस्थाएं बना कर खुद को और जनता को संभावित खतरों से बचाने के जातां कर लेना चाहिए।