ताजासमाचार

मनासा में हथियार बनाने की फैक्ट्री का पर्दाफाश, पुलिस ने अवैध 3 पिस्टल और भारी मात्रा में उपकरण जब्त किये ; एक आरोपी गिरफ्तार, मुख्य सप्लायर फरार

डेस्क न्यूज़ 21 May, 2026


मनासा/नीमच। अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मनासा थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाली एक पूरी फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए 3 अवैध देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और हथियार बनाने का भारी सामान जब्त किया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि हथियार बनाने वाला मुख्य आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश सरगर्मी से की जा रही है।

मुखबिर की सूचना पर सारसी फंटे पर घेराबंदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मनासा थाना पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि दुर्गाशंकर सुतार (निवासी ग्राम आंतरीमाता) अपने पास एक देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस लेकर लाल रंग की सुजुकी मैक्स 100 मोटरसाइकिल (क्रमांक MP-44 B-7876) से अपने गांव से मनासा की तरफ आ रहा है।

सूचना पर तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने सारसी फंटे पर घेराबंदी की और मोटरसाइकिल सवार दुर्गाशंकर को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

पूछताछ में खुला राज: राजस्थान तक जुड़े हैं तार
जब पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी दुर्गाशंकर से कड़ाई से पूछताछ (पीआर) की, तो उसने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि उसने दो और पिस्टल नानालाला सिकलीगर (निवासी आंतरीमाता) से खरीदी थीं। आरोपी दुर्गाशंकर की निशानदेही पर पुलिस ने वे दोनों पिस्टल भी जब्त कर लीं। पूछताछ में यह भी सामने आया कि ये लोग राजस्थान और उसके आसपास के जिलों के तस्करों को हथियारों की सप्लाई करते थे, जिसके संबंध में पुलिस आगे की कड़ियों को खंगाल रही है।

घर पर दबिश: बरामद हुई हथियार बनाने की 'फैक्ट्री'
आरोपी दुर्गाशंकर से मिली जानकारी के आधार पर जब पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी नानालाल सिकलीगर के घर पर दबिश दी, तो वहां का नजारा देखकर पुलिस भी दंग रह गई। नानालाल के घर पर अवैध हथियार बनाने का पूरा कारखाना चल रहा था। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी नानालाल मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

जब्त किया गया मशरूका (सामान):
03 अवैध देशी पिस्टल
02 जिन्दा कारतूस

हथियार बनाने के उपकरण: ग्राइंडर मशीन, लेथ मशीन, वेल्डिंग मशीन, चार देशी बंदूक बनाने की नाल, बीट हैम्बर, ट्रेगर, मैगजीन, हथौड़ा, प्लायर, स्प्रिंग और अन्य कलपुर्जे।
सुजुकी मैक्स 100 मोटरसाइकिल (MP-44 B-7876)

कार्रवाई में शामिल टीम
इस पूरी बड़ी कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसौदिया एवं एसडीओपी निकीता सिंह के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मनासा निरीक्षक निलेश अवस्थी के नेतृत्व में अंजाम दिया गया।

सराहनीय भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मी:
इस सफलता में थाना प्रभारी निलेश अवस्थी, उपनिरीक्षक तेजसिंह सिसौदिया, सहायक उपनिरीक्षक गोविन्दसिंह राठौर, प्रधान आरक्षक राघवेन्द्रसिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाश सिनम, प्रधान आरक्षक मनोहरदास बैरागी, आरक्षक पदमसिंह, आरक्षक ईश्वर प्रजापति, सैनिक मोहनसिंह और प्रभारी साइबर सेल प्रदीप शिन्दे सहित पूरी साइबर सेल टीम का विशेष और सराहनीय योगदान रहा।

Related Post