ताजासमाचार

नीमच में एसपी राजेश व्यास की मैराथन अपराध समीक्षा बैठक, महिला अपराधों में संवेदनशीलता और आमजन से सद्व्यवहार के दिए निर्देश

डेस्क न्यूज़ 20 May, 2026 अन्य

नीमच । जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास  द्वारा मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम में मैराथन अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चली इस महत्वपूर्ण बैठक में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक में एसपी राजेश व्यास ने आगामी ईद-उल-जुहा (बकरीद) को लेकर जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित कर त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए।

महिला अपराधों में संवेदनशीलता बरतने के निर्देश

बैठक के दौरान एसपी ने महिला एवं बालिका संबंधी अपराधों को गंभीरता से लेते हुए सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशीलता के साथ मामलों का समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही “सुजन” अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा “सम्मान” कार्यक्रम के माध्यम से उन महिलाओं और बालिकाओं का मनोबल बढ़ाने की बात कही गई, जो पूर्व में किसी घटना का शिकार हुई हों।

यातायात नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

एसपी ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों, काली फिल्म लगे वाहनों, बिना नंबर के वाहन, तीन सवारी और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही वाहन चेकिंग के दौरान आमजन से शालीन व्यवहार रखने की हिदायत भी दी।

चोरी रोकने रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश

जिले में बढ़ती चोरी की घटनाओं को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को रात्रि गश्त एवं पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए। संपत्ति संबंधी अपराधों में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं मशरूका जब्ती की कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

मादक पदार्थ तस्करी और गुंडा तत्वों पर सख्ती

बैठक में मादक पदार्थ तस्करी में शामिल आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, सफेमा एवं पीट एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। आदतन अपराधियों के खिलाफ जिला बदर और रासुका जैसी सख्त कार्रवाई करने के लिए भी कहा गया।
एसपी ने थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों के गुंडे-बदमाशों को चिन्हित कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई एवं बाउंड ओवर की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

थानों में आमजन को मिले बेहतर सुविधा

भीषण गर्मी को देखते हुए सभी थानों एवं चौकियों में आगंतुकों के लिए शीतल पेयजल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। साथ ही फरियादियों की समस्याएं शांतिपूर्वक सुनकर उनका समय सीमा में निराकरण करने पर जोर दिया गया।
एसपी ने थानों एवं चौकियों की साफ-सफाई, लंबित अपराधों, मर्ग एवं चालानों के त्वरित निराकरण तथा गुम बालक-बालिकाओं की सकुशल दस्तयाबी के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश भी दिए।

तकनीक के उपयोग पर दिया जोर

बैठक में थाना प्रभारियों को नफीस एप्लीकेशन, आईसीजेएस और ई-साक्ष्य एप का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए गए। साथ ही साम्प्रदायिक घटनाओं की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए कहा गया।

ये अधिकारी रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक Nawal Singh Sisodiya, नगर पुलिस अधीक्षक Kiran Chauhan, एसडीओपी जावद रोहित राठौर, एसडीओपी मनासा निकिता सिंह सहित जिले के सभी थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Post