ताजासमाचार

जनसुनवाई में गूंजे फरियादियों के दर्द, एसपी राजेश व्यास ने मौके पर किया त्वरित निराकरण | 15 शिकायतें बंद, 55 मामलों पर तेज कार्रवाई के निर्देश

डेस्क न्यूज़ 19 May, 2026 अन्य

नीमच। पुलिस कन्ट्रोल रूम नीमच स्थित सभाकक्ष में मंगलवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।

शिविर में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने जनसुनवाई करते हुए सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए।

इस दौरान सीएम हेल्पलाइन की लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 की कुल 15 शिकायतों का संतुष्टि पूर्वक निराकरण कर उन्हें बंद कराया गया। वहीं जनसुनवाई में पहुंचे लगभग 55 फरियादियों ने अपनी समस्याएं एसपी के समक्ष प्रस्तुत कीं, जिनके समाधान हेतु संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

शिविर में भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से जुड़े मामले, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतें सामने आईं, जिन पर निष्पक्ष एवं शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

एसपी राजेश व्यास ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा फरियादियों के साथ शालीनता एवं संवेदनशील व्यवहार रखा जाए। साथ ही गर्मी को देखते हुए सभी थाना/चौकियों पर शीतल जल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, एसडीओपी जावद रोहित राठौर, एसडीओपी मनासा निकीता सिंह सहित जिले के समस्त थाना व चौकी प्रभारी एवं संबंधित शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post