ताजासमाचार

पंचायत की चेतावनी को किया नजरअंदाज… फिर हुआ भीषण विस्फोट;  पटाखा फैक्ट्री हादसे में 6 मौतों के बाद SDM और तहसीलदार सस्पेंड

डेस्क न्यूज़ 16 May, 2026 अन्य

देवास। टोंकखुर्द क्षेत्र की पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट मामले में अब बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई हुई है। हादसे में 6 लोगों की मौत और कई मजदूरों के घायल होने के बाद राज्य सरकार ने टोंकखुर्द के एसडीएम संजीव सक्सेना और तहसीलदार रवि शर्मा को निलंबित कर दिया है। संभागायुक्त द्वारा जारी आदेश के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि हादसे से पहले ग्राम पंचायत कलमा द्वारा फैक्ट्री को लेकर लिखित शिकायत और आवेदन प्रशासन को दिया गया था। पंचायत ने आवेदन में फैक्ट्री संचालन को लेकर आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने समय रहते गंभीरता नहीं दिखाई। बाद में वही आशंका बड़े हादसे में बदल गई।

सरकारी आदेश के अनुसार पटाखा फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों और संचालन संबंधी निरीक्षण में गंभीर लापरवाही सामने आई है। जांच में पाया गया कि संबंधित अधिकारियों द्वारा शासन स्तर से जारी निर्देशों के अनुसार निरीक्षण और रिपोर्टिंग नहीं की गई। इसे कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही और उदासीनता माना गया है।

घटना के बाद प्रशासनिक जांच तेज हुई और संभागायुक्त कार्यालय से जारी आदेश में एसडीएम संजीव सक्सेना को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। वहीं तहसीलदार रवि शर्मा पर भी कार्रवाई करते हुए उन्हें सस्पेंड किया गया है।

बताया जा रहा है कि टोंकखुर्द क्षेत्र स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 10 मजदूरों का इलाज अभी भी जारी है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

इधर पंचायत का वह आवेदन अब चर्चा का विषय बन गया है, जिसमें पहले ही फैक्ट्री को लेकर आशंका जताई गई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते शिकायत पर कार्रवाई होती, तो शायद इतना बड़ा हादसा टल सकता था।

घटना के बाद सरकार ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

Related Post